अंबेडकर आवासीय विद्यालय समेत अररिया की कई विकास योजनाओं का पीएम मोदी ने किया शुभारंभ

अररिया (बिहार) ◆अररिया, दिनांक 21 नवम्बर 2026
डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय सहित कई विकास योजनाओं का माननीय प्रधानमंत्री द्वारा किया गया उद्घाटन एवं शिलान्यासजिले के विकास को नई गति देने और आम लोगों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में शनिवार को माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर अररिया जिले में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, ग्रामीण विकास एवं प्रशासनिक आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात मिली।
मुख्य कार्यक्रम नवनिर्मित डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नरपतगंज प्रखंड के श्यामनगर स्थित 720 आसन क्षमता वाले डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय का उद्घाटन किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण पर 46 करोड़ 7 लाख 97 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। विद्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर माननीय विधायक नरपतगंज श्रीमती देवयंती यादव, जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन, मुख्य पार्षद जोगबनी सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।इसके अलावा कार्यक्रम में जिले में विद्युत आधारभूत संरचना के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 69.41 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इसके अंतर्गत 33/11 केवी क्षमता के 2×10 एमवीए वाले छह नए विद्युत शक्ति उपकेंद्र स्थापित किए जाने की योजना शामिल है। इनमें फारबिसगंज प्रखंड के परवाहा, नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा एवं तामगंज, सिकटी प्रखंड के बरदाहा तथा अररिया प्रखंड के जीरो माइल (कोदरकट्टी) एवं तराबाड़ी शामिल हैं।
इन विद्युत शक्ति उपकेंद्रों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी। इससे विद्युत व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इसी प्रकार स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों तक और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिले में 1 करोड़ 28 लाख 49 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित तीन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (प्री-फैब) का भी उद्घाटन किया गया। प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर 42.83 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।इनमें जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र के जोकीहाट प्रखंड अंतर्गत बारा इस्तमरार अररिया विधानसभा क्षेत्र के अररिया प्रखंड अंतर्गत रामपुर मोहनपुर पूर्वी एवं कमलदाहा में निर्मित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शामिल हैं। इन केंद्रों के संचालन से स्थानीय लोगों को अपने आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर प्रशासनिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की कई योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इसके तहत अररिया प्रखंड की पोखरिया, हड़िया एवं बसंतपुर पंचायत में 9 करोड़ 15 लाख रुपये, रानीगंज प्रखंड की  पचीरा  नंदनपुर एवं बगुलाहा पंचायत में 9 करोड़ 15 लाख रुपये, नरपतगंज प्रखंड की बढ़ेपारा एवं सोनापुर पंचायत में 6 करोड़ 10 लाख रुपये तथा भरगामा प्रखंड की जयनगर, भरगामा एवं रघुनाथपुर उत्तर पंचायत में 9 करोड़ 15लाख रुपये की लागत से पंचायत सरकार भवनों का निर्माण शामिल है। इन भवनों के माध्यम से ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी।प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भरगामा प्रखंड में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन के निर्माण का शिलान्यास किया गया। ग्रामीण विकास विभाग की इस योजना के लिए 16 करोड़ 62 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत फारबिसगंज अनुमंडल में अनुमंडल कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के लिए 9 करोड़ 70 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन भवनों के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और आम नागरिकों को बेहतर कार्यालयीन सुविधाएं मिल सकेंगी।
वहीं उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन परमान सभागार, अररिया में भी किया गया। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 105 लाभुकों को सांकेतिक चाबी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष श्री आफताब अजीम, अपर समाहर्ता अररिया श्री अनिल कुमार झा, जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री आदित्य नारायण झा, मुख्य पार्षद अररिया सहित माननीय जनप्रतिनिधि, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार