शगुन ज्वेलर्स चोरी कांड का खुलासा, मालदा से अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार; 5.33 किलो चांदी बरामद

अररिया (बिहार) ◆अररिया। अररिया शहर के शगुन ज्वेलर्स में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 किलो 330 ग्राम चांदी के आभूषण व बर्तन सहित सोने जैसे दिखने वाले कई आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर निवासी उज्ज्वल मंडल और मोथाबाड़ी थाना क्षेत्र के बबला बाजार निवासी अफसर खान के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मालदा के कालियाचक और झारखंड के साहेबगंज इलाके से चोरी का सामान बरामद किया है।
गैस कटर से शटर काटकर की थी चोरी
नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के समीप स्थित शगुन ज्वेलर्स में 18 नवंबर की रात चोरों ने गैस कटर से दुकान का शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। मंगलवार को एसपी जितेन्द्र कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले के उद्भेदन और गिरफ्तारी की जानकारी दी।
एसआईटी ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खोला मामला
घटना के उद्भेदन के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने घटनास्थल सहित आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस को अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता के अहम सुराग मिले, जिसके बाद पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जीरोमाइल पेट्रोल पंप के पास छह घंटे खड़ा रहा वाहन
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन अररिया के जीरोमाइल पेट्रोल पंप के समीप करीब छह घंटे तक खड़ा रहा था। पुलिस इस कड़ी को भी जांच में शामिल कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के शेष सामान की तलाश में जुटी है।
कई राज्यों में वारदात की आशंका
एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी अंतरराज्यीय चोरी गिरोह से जुड़े हैं। आशंका है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।