छठ पूजा को लेकर पूर्णिया नगर निगम अलर्ट, घाटों पर सुरक्षा से लेकर रोशनी तक की मुकम्मल तैयारी

पूर्णिया (बिहार) ◆पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूर्णिया नगर निगम ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं और व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए शहर के प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महापौर विभा कुमारी और नगर आयुक्त अनिरुद्ध पाण्डेय ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कला भवन छठ घाट, चुनापुर बलदीमा घाट, सिटी छठ घाट, दमका घाट, पक्की तालाब (छठ पोखर) और लॉ कॉलेज के समीप स्थित छठ घाटों का दौरा किया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, निर्माण कार्य, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
छठ घाटों पर पानी की अधिक गहराई वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग कराई जा रही है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। वहीं घाटों के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जा रहा है। घाटों तक पहुंचने वाले पैदल मार्गों को भी सुगम बनाने के लिए मोटरेबल किया जा रहा है।महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी प्रमुख छठ घाटों पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। नगर निगम का प्रयास है कि हर वर्ष श्रद्धालुओं को पहले से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। व्रतियों को किसी तरह की असुविधा न हो और वे शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें, यही निगम की प्राथमिकता है।वहीं नगर आयुक्त अनिरुद्ध पाण्डेय ने बताया कि छठ घाटों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। आयोजन समितियों और स्थानीय लोगों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। उनके सहयोग से घाटों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और शेष कार्यों को समय पर पूरा करने में मदद मिल रही है।