अररिया में संविधान गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन, सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन

अररिया (बिहार) ◆अररिया दिनांक- 27/11/2026 अररिया में संविधान गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन, सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ भारतीय संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज अररिया स्थित +2 एच ई हाई स्कूल में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अररिया के सांसद श्री प्रदीप कुमार सिंह ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम में संविधान के ऐतिहासिक महत्व, संवैधानिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संवैधानिक मूल्यों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। इस दौरान उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को प्रदत्त अधिकारों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के महत्व पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर सांसद श्री प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का आधार है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान किया। उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय, समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में आपातकाल के दौरान संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ हुए व्यवहार से हमें इतिहास के महत्वपूर्ण सबक मिलते हैं। वहीं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में संविधान दिवस की शुरुआत, बाबा साहेब के पंचतीर्थों का विकास तथा उनके विचारों और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने के लिए किए गए प्रयास उल्लेखनीय हैं सांसद ने कहा कि संविधान का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और राष्ट्रीय दायित्व है। हमें बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समान अवसर और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आदित्य नारायण झा, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री विनय प्रसाद, श्री विनोद प्रसाद, अररिया सिविल कोर्ट के पीपी श्री रमानंद मंडल, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्री विजय भगत, सह संयोजक श्री दिनेश भगत, भाजपा जिला महामंत्री श्री आकाश राज, जिला मंत्री श्री नीरज झा एवं श्रीमती कनकलता झा, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रताप नारायण सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, छात्र एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना रहा।संविधान का सम्मान, लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक न्याय का संकल्प ही संविधान गौरव दिवस का वास्तविक संदेश है।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार