पूर्णिया (बिहार) ◆ पूर्णिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र के सौतारी टोला में शनिवार को एक महिला की संदिग्ध हालत में लाश मिली। मृत महिला की पहचान सहरसा जिला निवासी प्रकाश चौधरी की बेटी सोनी कुमारी (19) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि महिला गर्भवती थी। मौत के बाद से पति समेत अन्य ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतक महिला के घर वालों ने बेटी की गला दबाकर हत्या का आरोप उसके पति व ससुराल वालों पर लगाया है। मृतक महिला के पिता का आरोप है कि दहेज कि लिए उसकी हत्या कर दी गई है। चार महीने पहले ही शादी हुई थी। मृतक सोनी कुमारी के पिता प्रकाश चौधरी ने बताया कि उन्हें 21 अप्रैल की शाम करीब सात बजे उसके ससुराल वालों ने फोन कर बेटी की मौत होने की जानकारी दी। बेटी की मृत्यु की सूचना पाकर वो ससुराल पहुंचे। मृतक की परिजनों का कहना है कि बेटी के गले में फंदा बंधा हुआ था और उसकी लाश कमरे में पड़ी थी। ससुराल के सभी लोग फरार थे। सिर्फ सास मौजूद थी जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। सोनी की पिता ने बताया कि 4 महीने पहले ही सौतारी टोला निवासी संतोष भगत के पुत्र राजेश भगत के साथ बेटी की शादी हुई थी। उसके बाद दोनों खुशी-खुशी रह रहे थे। लेकिन विवाह के कुछ दिनों के बाद से ही सोनी के ससुराल वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। लगातार बेटी पर दहेज के लिए दबाव बनाया जाता था।
रिपोर्टिंग
सुनिल कुमार यादव
स्टेट ब्यूरो चीफ, बिहार