पूर्णिया (बिहार) ◆बिहार कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है, लेकिन अब बिहारवासियों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य में मंगलवार से मानसून एक्टिव हो गया है। कई जिलों में आज से 24 जून तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज अररिया, किशनगंज औरnपूर्णिया में भारी बारिश की संभावना जताई है।पटना, गया, नालंदा, नवादा सहित 12 जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश होगी और कुछ जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। इससे उमसभरी गर्मी का एहसास होगा। बारिश और ठंड हवाओं की वजह से 48 घंटे बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। 26 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। झोपड़ी, टीनशेड में रहने वाले लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग की माने तो अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही है। राहत की बात यह है कि विभाग ने आज प्रदेश के किसी भी जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, इससे पहले मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 27 जिलों और मंगलवार को 24 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन दो-तीन जिलों को छोड़कर कहीं भी बारिश नहीं हुई।
रिपोर्टिंग
सुनिल कुमार यादव
स्टेट ब्यूरो चीफ, बिहार