भारत का तीसरा मून मिशन चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक लॉन्च, अब सॉफ्ट लैंडिंग का इंतजार

श्रीहरिकोटा (आंध्रप्रदेश) ◆ जिस घड़ी का बेसब्री से सभी भारतवासी इंतजार कर रहे थे, आखिर वह आ ही गई। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 को दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर लॉन्च किया गया। इस ऐतिहासिक पल के गवाह केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और इसरो के पूर्व चीफ के सिवन भी रहे। दुनिया की नजरें इस मिशन पर टिकी हुई हैं।
चंद्रयान-3 के सफल प्रक्षेपण के बाद इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने मीडिया को बताया, ''अगर सब कुछ ठीक रहा तो चंद्रयान की 23 अगस्त, शाम 5.47 बजे IST पर चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग होगी।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई और शुभकामनाएं -
चंद्रयान-3 के लॉन्च होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ''भारत ने अंतरिक्ष अन्वेषण में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित करते हुए चंद्रयान-3 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। इसरो टीम और वे सभी लोगों को बधाई जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए अथक परिश्रम किया। यह अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति के प्रति देश की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। चंद्र मिशन की सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।''
भारत की अंतरिक्ष यात्रा में नया अध्याय - पीएम मोदी -
प्रधानमंत्री ने चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग पर ट्वीट कर लिखा, चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया अध्याय लिखा है। ये हर भारतीय के सपनों और महत्वाकांक्षाओं की ऊंची उड़ान है। ये महत्वपूर्ण उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों के अथक समर्पण का प्रमाण है। मैं उनकी भावना और प्रतिभा को सलाम करता हूं!