अररिया नगर परिषद के मुख्य पार्षद का EO पर आरोप सशक्त स्थाई समिति की बैठक में कहा- मनमाना रवैया अपनाया जा रहा

अररिया (बिहार) ◆अररिया नगर परिषद कार्यालय में बुधवार की शाम 5 बजे मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्र के अध्यक्षता में सशक्त स्थाई समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बैठक में उप मुख्य पार्षद गौतम कुमार साह, वार्ड पार्षद रीता राय, वार्ड पार्षद डिंपल देवी, वार्ड पार्षद राकेश रंजन वर्मा मौजूद रहे। मौके पर मुख्य पार्षद विजय मिश्र ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी भावेश कुमार पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गत 15 अप्रैल 2023 की बैठक की संपुष्टि के क्रम में स्थाई समिति व मुख्य पार्षद के द्वारा 19 प्रस्ताव पर अनुपालन की दिशा में किए गए कार्य की विस्तृत जानकारी देने का निर्देश दिया गया था। इसमें सदस्य सचिव सह कार्यपालक पदाधिकारी ने मुख्य पार्षद को अवगत कराया कि सभी प्रस्ताव का अनुपालन प्रतिवेदन शीघ्र सुनिश्चित करते हुए सशक्त स्थाई समिति को सूचित किया जाएगा जो कार्यपालक पदाधिकारी के द्वारा आज तक नहीं किया गया । इस दौरान मुख्य पार्षद विजय मिश्र ने यह भी बताया कि पी एफ एम एस पोर्टल के माध्यम से नगर परिषद अररिया द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 के विगत 3 माह अप्रैल, मई व जून में विभिन्न मदों में भुगतान राशि की विवरणी की समीक्षा के लिए स्थाई समिति के द्वारा 3 उप समिति सदस्यों की टीम गठित की गई थी, जिसमें सशक्त स्थाई समिति के मुख्य पार्षद विजय मिश्र व रीता राय व सशक्त स्थाई समिति के राकेश रंजन वर्मा को बनाया गया था। जिसमें नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को उप समिति को 3 दिन के ताड़ी दिवस के अंदर विभिन्न मदों में किए गए भुगतान की विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया था। लेकिन कार्यपालक पदाधिकारी के द्वारा आज तक सशक्त स्थाई समिति के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया। इसी दौरान बुधवार को वार्ड संख्या 23 के वार्ड पार्षद राजू राम के द्वारा वार्ड में डोर टू डोर कचरा उठाओ व जलजमाव की समस्या को लेकर नगर परिषद कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गए। साथ ही मुख्य पार्षद विजय मिश्र ने कार्यपालक पदाधिकारी भावेश कुमार पर स्थाई समिति की बैठक में लिए गए निर्णय को नहीं मानने का आरोप लगाया गया है।

रिपोर्टिंग
टिंकू दास गुप्ता 
ब्लॉक ब्यूरो चीफ,अररिया,बिहार