अररिया (बिहार) ◆अररिया के एनएच 327 ई जीरोमाइल के पास पानी के तेज बहाव में एक डायवर्सन बह गया। इसके कारण अररिया सिलीगुड़ी मुख्य मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। वहीं, गाड़ियों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। बता दें कि पिछले तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जिले से होकर बहने वाली सभी नदियां उफान पर हैं। डायवर्सन पानी की तेज धार में बह जाने के कारण बंगाल जाने का संपर्क टूट चुका है। इस मार्ग पर जोकीहाट के पास एक पुल धंस जाने से बड़े वाहन का जाना वर्जित कर दिया गया था, हालांकि छोटे वाहन जा रहे थे। अब इस डायवर्शन के कट जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। यह सड़क बिहार बंगाल को जोड़ने के साथ-साथ इस इलाके के लोगों के लिए लाइफ लाइन मानी जाती है। यह मार्ग अररिया अंतर्गत जोकीहाट प्रखंड सहित किशनगंज के ठाकुरगंज बहादुरगंज होते हुए यह सिलीगुड़ी को जोड़ती है। सबसे ज्यादा इलाके में सड़क द्वारा जाने वाले लोगों में नौकरी पेशा व्यापारी सहित आम लोगों की दिक्कतें बहुत ज्यादा बढ़ गई है। स्थानीय प्रशासन द्वारा जीरो माइल के पास बैरिकेडिंग कर बड़े और छोटे वाहनों को पूर्णिया होकर जाने को कहा जा रहा है। इससे वाहनों को 45 किलोमीटर ज्यादा घूमना पड़ेगा। इसके साथ ही डायवर्सन बह जाने के कारण जिले के जोकीहाट, कुर्साकांटा सिकटी, पलासी, प्रखंड के लोगों को जिला मुख्यालय आने का सीधा संपर्क भंग हो गया है। डायवर्सन बहने की वजह से जिले के बिरजाभार, मिल्लत नगर, शरीफ नगर सहित कई वार्डों में परमान नदी का पानी प्रवेश कर चुका है। लोग अपने जानमाल की सुरक्षा को लेकर ऊंचे स्थानों की ओर जाने के लिए विवश हैं।
रिपोर्टिंग
टिंकू दास गुप्ता
ब्लॉक ब्यूरो चीफ, अररिया,बिहार