पूर्णिया समेत सीमांचल में अगले 48 घंटे में होगी बारिश साइक्लोनिक सर्किल के कारण होगी अच्छी बरसात, रविवार को हुई 36 मिमी बारिश

पूर्णिया (बिहार) ◆ पूर्णिया समेत सीमांचल में इस साल समय से एक दिन पहले ही मानसून की एंट्री हो गई। लेकिन पूर्णिया समेत सीमांचल के लोगों को अच्छी बारिश के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। रविवार को लोगों का इंतजार खत्म हुआ और जिले में 36 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग से मिले आंकड़े के अनुसार रविवार की सुबह 1.6 मिमी बारिश हुई। वहीं दोपहर बाद 34.4 मिली बरसात हुई। पूर्णिया मौसम विभाग के सहायक मौसम वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटे में पूर्णिया समेत अररिया, कटिहार, किशनंगज के अलावा कोसी के इलाके में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों में पूर्णिया समेत सीमांचल और कोसी के 75 प्रतिशत हिस्से में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। सहायक मौसम वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि सेटेलाइट से मिली तस्वीरों के अनुसार पूर्णिया व आसपास के इलाके में साइक्लोनिक सर्किल बना हुआ है। इससे सोमवार और मंगलवार को जिले और आसपास के क्षेत्र में अच्छी बारिश होने की संभावना है।


रिपोर्टिंग
सुनिल कुमार यादव
स्टेट ब्यूरो चीफ, बिहार