130 किलो गांजा के साथ पूर्व मुखिया गिरफ्तार SSB और पुलिस ने की संयुक्त छापेमारी, पूछ ताछ जारी

अररिया (बिहार) ◆अररिया के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के बसमतिया ओपी थाना क्षेत्र में बुधवार को पूर्व मुखिया के घर एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर 130 किलो गांजा बरामद किया है। जिसके बाद मौके से पूर्व मुखिया मोहम्मद मुजम्मिल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।गुप्त सूचना के आधार पर बसमतिया थाना अध्यक्ष शिव पूजन कुमार के नेतृत्व में यह संयुक्त छापेमारी  की गई है। वहीं पूर्व मुखिया मोहम्मद मुजम्मिल से पुलिस पूछताछ कर रही है। सीमावर्ती क्षेत्र बेला, बसमतिया, डूबरबन्ना, बबुआन, घूरना, जटबारा, आदि गांव के सटे सीमा से प्रतिबंधित नशीली पदार्थों का बड़े पैमाने पर बगैर रोक-टोक के तस्करी की जाती है।भारत नेपाल सीमा खुला होने के कारण बड़ी आसानी से तस्कर नेपाल से भारत और भारत से नेपाल तस्करी का सामान ले जाते आते है। मिली जानकारी अनुसार इस काले धंधे में क्षेत्र के कई
सफेदपोश भी शामिल है। जिससे कई प्रतिबंधित मादक पदार्थों का तस्करी आसानी से इन क्षेत्रों में बदस्तूर जारी रहता है। मामले को लेकर पुलिस सक्रिय रूप से धंधे में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पूर्व मुखिया की गिरफ्तारी के बाद प्रखंड क्षेत्र के लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो चुका है। लोग  तरह-तरह की बातें करते नजर आ रहे हैं। अब लोगों की निगाहें एसएसबी व पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

रिपोर्टिंग
टिंकू दास गुप्ता 
जिला,ब्यूरो चीफ, अररिया,बिहार