अररिया (बिहार) ◆अररिया आरएस पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय अररिया के शिक्षक पिंटू कुमार सिंह को सामाजिक विज्ञान में उत्कृष्ट परिणाम देने पर केन्द्रीय विद्यालय संगठन, पटना संभाग ने सम्मानित किया है। पिंटू कुमार सिंह अररिया के ही मूल निवासी हैं। उन्होंने शैक्षिक सत्र 2024-25 में सीबीएसई की कक्षा 10वीं की परीक्षा में सामाजिक विज्ञान विषय में श्रेष्ठतम परिणाम दिया। इससे विद्यालय को पटना संभाग के विद्यालयों में उच्च स्थान मिला। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अमित कुमार सिंह ने सभी शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति में पिंटू कुमार सिंह को उत्कृष्टता प्रमाणपत्र और स्मारक चिह्न देकर सम्मानित किया। इसी समारोह में कक्षा 12वीं की सीबीएसई परीक्षा में रासायनिक विज्ञान विषय में बेहतर परिणाम देने पर शिक्षक नामग्याल को भी सम्मानित किया गया। नामग्याल मूल रूप से लद्दाख के निवासी हैं। विद्यालय के प्राथमिक विभाग के शिक्षक जयशंकर को प्राथमिक स्तर पर ओलंपियाड आयोजन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य अमित कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों ने संभाग स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनका प्रयास सराहनीय है। ऐसे शिक्षक ही छात्रों के लिए सच्चे
प्रेरणास्रोत बनते हैं।
रिपोर्टिंग
टिंकू दास गुप्ता
असिस्टेंट स्टेट ब्यूरो चीफ, बिहार