अररिया (बिहार) ◆बिहार के अररिया में 102 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर में कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। इस हड़ताल से आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़े।एंबुलेंस सेवा कर्मचारियों ने सेवा प्रदाता कंपनी जेन प्लस प्राइवेट लिमिटेड पर श्रम कानूनों के उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। बिहार के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में 1850 से अधिक एंबुलेंस पर लगभग 7500 ईएमटी और परिवहन हेल्पर कार्यरत हैं।
कर्मचारियों की प्रमुख शिकायतें हैं कि, उन्हें न्यूनतम वेतन नहीं मिल रहा है। 12 घंटे की ड्यूटी के बावजूद 8 घंटे का ही वेतन दिया जाता है। भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा की कटौती का ब्योरा नहीं दिया जाता।कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र, वेतन पर्ची और साप्ताहिक अवकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। पिछले साल 5 सितंबर से 12 घंटे की ड्यूटी कराई जा रही है।धरने में प्रवेश कुमार यादव, आत्मानंद राय, राम हरण चौधरी समेत कई कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, हड़ताल जारी रहेगी।इस हड़ताल से जिले में 102 एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने की संभावना है।
रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह, सहायक ब्लॉक ब्यूरो चीफ, अररिया,बिहार