अररिया (बिहार) ◆राहुल गांधी के नेतृत्व में आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में वोट चोर गद्दी छोड़ रैली निकाली जाएगी। इस बड़ी रैली में जिले के सैकड़ों कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली में प्रस्थान की तैयारी को लेकर रविवार को शहर के गांधी आश्रम स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के जिलाध्यक्ष शाद अहमद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित किया गया।बैठक में यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सह अररिया जिला पर्यवेक्षक मुद्दसीर शम्स शामिल हुए। एआईसीसी से प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक मुद्दसीर शम्स ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी के आह्वान पर 14 दिसंबर को आयोजित रैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की गई है। उन्होंने कहा कि जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता रैली में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि देश में पहली चोरी तब हुई जब केंद्र सरकार ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया बदल दी थी।पहले चुनाव आयुक्तों का चयन एक पारदर्शी और संतुलित प्रणाली के तहत होता था। अब सरकार ने चयन प्रक्रिया में बदलाव कर लोकतंत्र की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर गंभीर प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि 14 दिसम्बर की रैली ऐतिहासिक होगी। दिल्ली पहुंचकर कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संदेश देंगे। वहीं जिलाध्यक्ष शाद अहमद ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित रैली की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठ के सदस्य तैयारी में जुटे हैं। सभी प्रखंडों से अच्छी खासी तादाद में कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। बैठक में कांग्रेस नेता मासूम रेजा, महिला सेल के जिलाध्यक्ष गुलशन आरा, करण कुमार पप्पू, प्रदीप कुमार कर्ण, अमितेश गुड्डू, अलीमुद्दीन, प्रशांत यादव, उदयानंद मौजूद रहे।