36 साल का हुआ अररिया स्थापना दिवस मनाया मकर संक्रांति महोत्सव का डीएम ने किया उद्घाटन

अररिया (बिहार) ◆अररिया में 36वां जिला स्थापना दिवस सह मकर संक्रांति महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन,अररिया के संयुक्त तत्वावधान में हाई स्कूल अररिया में हुआ।महोत्सव की शुरुआत सुबह प्रभातफेरी सह मैराथन से हुई।इसे जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन अररिया कॉलेज स्टेडियम से शुरू होकर बस स्टैंड और गोढ़ी चौक होते हुए हाई स्कूल अररिया में समाप्त हुई। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं, आम नागरिकों और पुलिस बल के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।मुख्य कार्यक्रम का आयोजन हाई स्कूल अररिया परिसर में हुआ। इसका उद्घाटन जिला पदाधिकारी विनोद दूहन,जोकीहाट विधायक मोहम्मद मुर्शीद आलम और अन्य
जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।उद्घाटन के बाद, जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों के माध्यम से आम जनता को सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की
जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जिलावासियों को 36वें जिला स्थापना दिवस और मकर संक्रांति महोत्सव की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन जिले के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा पर गर्व करने का अवसर है। उन्होंने महोत्सव को जिले की एकता, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बताया। जिलाधिकारी ने सभी से जिले के सतत विकास, शांति और खुशहाली के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी और
जनप्रतिनिधियों ने कुशल युवा कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित
जिया कुमारी, छवि कुमारी, गाजिया परवीन, काजल कुमारी
और प्रियांशु राज को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए। रिया
कुमारी, शिफा फिरदौस, राम कुमार और पीयूष शर्मा को
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड दिए गए। इसके अतिरिक्त, मत्स्य
एवं पशु संसाधन विभाग ने लाभार्थियों को मत्स्य किट वितरित
किए।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत
इंटरमीडिएट में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रा सोफिया नाज
तराना आजमी को 15000 रूपये का सांकेतिक चेक,
अल्पसंख्यक मुस्लिम महिला परित्यकता व तलाकशुदा
योजना के तहत एक लाभुक को 25000 का सांकेतिक
चेक, मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मौलवी व
फोकानिया में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र क्रमशः मीठी नाज
एवं शगुफ्ता को 15000/10000 का सांकेतिक चेक प्रदान
किया गया।जिला स्थापना दिवस के अवसर पर समाज कल्याण, जीविका, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, श्रम संसाधन,शिक्षा विभाग, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र,ऊर्जा विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। वहीं कार्यक्रम में परिवहन विभाग अंतर्गत सड़क सुरक्षा जन जागरूकता से संबंधित रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता आपदा, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।


रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार