अररिया (बिहार) ◆अररिया के पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की समस्याओं को सुनकर त्वरित कार्रवाई की गई।जनता दरबार की अध्यक्षता राजस्व अधिकारी (आरओ) विदिशा सिंह ने की, जबकि सहायक थानाध्यक्ष रंजीत कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुल 13 आवेदन की सुनवाई चल रही थी। दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई और आपसी सहमति से 4 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।आरओ विदिशा सिंह और सहायक थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निपटारा करना है। निष्पादित मामलों में दोनों पक्षों के बीच सौहार्द बनाए रखते हुए समझौता कराया गया, जिससे लंबे समय से चले आ रहे विवादों का समाधान हो सका।शेष 11 मामलों को आवश्यक जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद अगले सप्ताह आयोजित होने वाले जनता दरबार के लिए सुरक्षित रखा गया है। कार्यक्रम में सीईआई पवन कुमार पंडित, संतोष कुमार सहित प्रखंड के अन्य कर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का कहना है कि ऐसे जनता दरबार नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवाद जैसी समस्याओं का जल्द समाधान हो सके और लोगों को कोर्ट-कचहरी के चक्कर नहीं लगाने पड़े। इस पहल से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।