पलासी,चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार, कई घरेलू सामान बरामद

अररिया (बिहार) ◆अररिया जिला के पलासी प्रखंड अंतर्गत पलासी थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को चोरी किए गए घरेलू सामान के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की है।गिरफ्तार युवक की पहचान कुजरी गांव, वार्ड संख्या 01 निवासी जहिद, पिता स्वर्गीय जाबुल, उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से चोरी के कई सामान बरामद किए गए हैं, जिनमें हांडी, बाटी, बढ़ना, गिलास, कटोरा, बड़ा चम्मच और छोटा चम्मच शामिल हैं।पलासी थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।थाना अध्यक्ष ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने इससे पहले भी कहीं चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और कहा है कि इससे क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगेगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।