अररिया (बिहार) ◆पलासी: प्रखंड क्षेत्र के करोड़ गांव के वार्ड संख्या 11 यादव टोला स्थित सत्संग मंदिर में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 4000 से 5000 रुपये नकद निकाल लिए। इसके अलावा मंदिर में लगा इनवर्टर और बैटरी भी चोरी कर लिया गया।
मंदिर की देखरेख करने वाले डोमन यादव ने बताया कि वे रोज की तरह सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दान पेटी का ताला तोड़कर नकद राशि गायब है और इनवर्टर-बैटरी भी चोरी कर ली गई है। साथ ही मंदिर के एक कमरे का ताला भी तोड़ दिया गया था।घटना की सूचना पलासी थाना पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश और चिंता का माहौल है।