अररिया (बिहार) ◆अररिया जिले के पलासी प्रखंड में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नित्या नर्सिंग होम में छापेमारी कर उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी (DM) के निर्देश पर सोमवार को एसडीओ बलवीर दास के नेतृत्व में की गई।छापेमारी टीम में चिकित्सा प्रभारी डॉ. जहांगीर आलम, बीडीओ आदित्या प्रकाश, अंचल अधिकारी (CO) विदिशा सिंह और पलासी थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर नर्सिंग होम के रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की।जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। बताया गया कि नर्सिंग होम बिना आवश्यक लाइसेंस और निर्धारित मानकों के संचालित किया जा रहा था, जिससे मरीजों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से नर्सिंग होम को सील कर दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।एसडीओ बलवीर दास ने कहा कि डीएम के निर्देश अनुसार टीम चयन कर छापेमारी हुई है । स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा।