अररिया (बिहार) ◆जिला परिवहन कार्यालय, अररिया सभागार में डीटीओ डॉ. सज्जन की अध्यक्षता में जिले के सभी अधिकृत वाहन विक्रेताओं के साथ वाहन निबंधन, एचएसआरपी निर्गमन एवं वाहन 4.0 प्रणाली की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक की शुरुआत में जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा विभिन्न डीलरों के माध्यम से निबंधन हेतु अपलोड किए गए दस्तावेजों की समीक्षा की गई। जांच में पाया गया कि सीमांचल मोटर्स,भारत मोटर्स, शुभम ऑटोमोबाइल्स, डीएस मोटर्स तथा जेएम मोटर्स सहित कई प्रतिष्ठानों द्वारा अपलोड किए गए आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज अपठनीय हैं। कई मामलों में तो केवल खाली अथवा सादे पृष्ठ ही पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए, जिससे सत्यापन प्रक्रिया बाधित हो रही है और आवेदन लंबित रह जा रहे हैं। इस स्थिति को अत्यंत गंभीर मानते हुए डीटीओ ने स्पष्ट किया कि अपठनीय दस्तावेजों के कारण न केवल कार्य में देरी हो रही है बल्कि नागरिकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सभी डीलरों को निर्देश दिया कि वे गुणवत्ता सुनिश्चित कर ही दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करें। वाहन विक्रय के बाद कर एवं शुल्क जमा न करने के मामलों की भी समीक्षा की गई। डीएन मंडल एंड संस, शुभम ऑटोमोबाइल्स, प्रकाश ऑटोमोबाइल्स, भारत मोटर्स तथा फारबिसगंज ऑटो सहित कई प्रतिष्ठानों में लंबित भुगतान पाए गए, जिससे निबंधन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि समय पर कर जमा न करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में आगे कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। एचएसआरपी लंबित मामलों की समीक्षा में पाया गया कि जनवरी 2026 से बड़ी संख्या में वाहन विक्रय के बाद भी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट पोर्टल पर अपडेट नहीं की गई है। इसके कारण वाहन स्वामियों को रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। अरुण मोटर्स, डीएन मंडल एंड संस, प्रकाश ऑटोमोबाइल्स, सुनैना प्राइवेट लिमिटेड, जेएम मोटर्स तथा गिरहिंदा ऑटोमोबाइल्स सहित कई डीलरों के पास सैकड़ों मामले लंबित पाए गए। कई वाहन मालिकों को इंतजार करना पड़ रहा है। बैठक में यह भी गंभीर रूप से सामने आया कि एक ही आईपी एड्रेस से कई डीलरों के यूजर आईडी संचालित किए जा रहे हैं, जो आईटी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।इससे प्रणाली की गोपनीयता और जवाबदेही प्रभावित हो रही है। डीटीओ ने सभी डीलरों को अपने अधिकृत केंद्रों से ही कार्य संचालित करने तथा प्रशिक्षित कर्मियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों के उल्लंघन पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार