अररिया मॉडल बना मिसाल, डोर-टू-डोर स्वास्थ्य जांच से हजारों लोगों को मिला लाभ

अररिया (बिहार) ◆अररिया, दिनांक 22 जुलाई 2026
जिला पदाधिकारी की अभिनव पहल "जांच एवं उपचार - चिकित्सा आपके द्वार" अभियान से हजारों लोगों को मिला समय पर उपचार जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के मार्गदर्शन में जिले में संचालित "जांच एवं उपचार - चिकित्सा आपके द्वार" अभियान आमजन के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहा है। इस अभिनव पहल के तहत जिले की सभी पंचायतों में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों का रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), कैंसर एवं एनीमिया की स्क्रीनिंग कर रहे हैं।
अभियान का उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना तथा लोगों को गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचाना है।अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि केवल स्क्रीनिंग ही नहीं, बल्कि डोर-टू-डोर जांच के चिन्हित मरीजों का एमबीबीएस चिकित्सकों के माध्यम से आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार भी शुरू कराया जा रहा है। इससे मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है और उन्हें गंभीर अवस्था तक पहुंचने से रोका जा रहा है।
अभियान के तहत अब तक 5,190 हाइपरटेंशन, 4,203 मधुमेह, 616 एनीमिया, 369 मोतियाबिंद, 10 मुंह के कैंसर, 10 स्तन कैंसर तथा 6 गर्भाशय कैंसर के मरीजों की पहचान की जा चुकी है। सभी चिन्हित मरीजों का उपचार स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार प्रारंभ कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में अररिया जिला में चल रही इस नवाचारी एवं अभिनव पहल की सफलता के पश्चात स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सा टीमों को निर्देश दिया है कि अभियान को पूरी गंभीरता एवं गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए, ताकि जिले का कोई भी पात्र व्यक्ति जांच एवं उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग करें और अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच कराकर स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएं।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार