आठ दिन से लापता युवती का शव धान के खेत में मिलने से सनसनी, पलासी के तरबी गांव में मातम

अररिया (बिहार) ◆ पलासी प्रखंड अंतर्गत बरकुंमहा पंचायत के तरबी गांव में आठ दिनों से लापता 21 वर्षीय युवती का शव गांव के ही एक धान के खेत से मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। सूचना पर पहुंची पलासी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।मृतका की पहचान तरबी गांव निवासी बालेश्वर यादव की 21 वर्षीय पुत्री निशा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार निशा 18 जुलाई को घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। पहले परिवार और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पलासी थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी गई। इसके बाद लगातार उसकी खोजबीन जारी रही।रविवार को गांव के कुछ लोगों ने पास के धान के खेत में एक शव पड़ा देखा। इसकी सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान निशा कुमारी के रूप में हुई। यह खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पलासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।परिजनों ने फिलहाल किसी व्यक्ति पर संदेह या किसी प्रकार की आशंका व्यक्त नहीं की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।