अररिया (बिहार) ◆अररिया नगर परिषद क्षेत्र के जय प्रकाश नगर वार्ड संख्या 7 में नवनिर्मित सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने का मामला सामने आया है। वार्ड निवासी अरुण कुमार यादव ने जिला पदाधिकारी, अररिया को आवेदन देकर सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषपूर्ण निर्माण को दोबारा कराने की मांग की है।
आवेदन में अरुण कुमार यादव ने बताया है कि उनके घर के सामने बनी नई सड़क में पानी निकासी की व्यवस्था सही नहीं की गई है। सड़क का ढाल उल्टा होने के कारण बारिश का पानी उनके घर के सामने जमा रहता है, जिससे लगभग 200 मीटर तक जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में निर्माण ठेकेदार, संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) तथा वार्ड पार्षद से कई बार शिकायत की गई, लेकिन किसी ने भी समस्या के समाधान के लिए गंभीर पहल नहीं की। नगर परिषद में भी आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित ने जिला पदाधिकारी से मामले की त्वरित जांच कराकर दोषपूर्ण सड़क का पुनर्निर्माण कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बरसात के दौरान जलजमाव और बढ़ सकता है, जिससे आमजन की परेशानी और अधिक बढ़ जाएगी।