(अररिया )पलासी,बिलातीबाड़ी के पास हादसा, सवारियां सुरक्षित रहीं लेकिन चालक की नहीं बच सकी जान; एक बेटे को पहले ही खो चुके पिता पर टूटा दुखों का पहाड़

अररिया (बिहार) ◆ अररिया जिले के पलासी प्रखंड में मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पलासी-टेढ़ागाछ मुख्य मार्ग पर बिलातीबाड़ी के समीप टोटो पलटने से चालक दयानंद महतो (35) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में टोटो पर सवार सभी यात्री सुरक्षित बच निकले, लेकिन वाहन के नीचे दब जाने से चालक की जान नहीं बच सकी।मृतक की पहचान बेलसरी गांव निवासी मंगल महतो के पुत्र दयानंद महतो के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दयानंद मंगलवार शाम कलियागंज से सवारियों को लेकर पलासी लौट रहे थे। जैसे ही उनका टोटो बिलातीबाड़ी स्थित कमरो चौक के पास पहुंचा, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टोटो सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और टोटो के नीचे दबे चालक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलासी पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पलासी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया।घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल और अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं, बेलसरी गांव स्थित मृतक के घर में मातम छा गया। दयानंद अपने पीछे पत्नी सुजनी देवी को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।इस हादसे ने परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ तोड़ दिया है, जिससे उबरना आसान नहीं होगा। मृतक के पिता मंगल महतो ने बताया कि उनके दो बेटे और दो बेटियां थीं। बड़ा बेटा विधानंद मजदूरी करने पंजाब गया था, जहां उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। अब छोटे बेटे दयानंद की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। यह कहते हुए उनकी आंखें भर आईं और वे बदहवास होकर अचेत हो गए। मां सुलेखा देवी और पत्नी सुजनी देवी का विलाप देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।गांव के लोगों ने बताया कि दयानंद मेहनत-मजदूरी कर टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।