बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतदान, अररिया में 11 केंद्रों पर डाले गए वोट

अररिया (बिहार) ◆अररिया। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान कराया गया। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुए इस चुनाव में कुल 150 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित 933 मतदान केंद्रों पर हुआ। चुनाव में करीब 5.33 लाख मतदाताओं के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की व्यवस्था की गई थी।
अररिया जिले में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 11 मतदान केंद्र बनाए गए थे। यहां कुल 9,167 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 7,208 पुरुष और 1,959 महिला मतदाता शामिल हैं। जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, अनुमंडल एवं अंचल कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदानकर्मियों के साथ माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए। वहीं, मतदान की गतिविधियों की निगरानी और रिकॉर्डिंग के लिए वीडियोग्राफरों की भी व्यवस्था की गई थी।
71 वर्ष की उम्र में पहली बार किया मतदान
अररिया अंचल कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर शुक्रवार को 71 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक मोहसिन आलम पहली बार मतदान करने पहुंचे। उनका मतदान करना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। उन्होंने निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता जागरूकता के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।मोहसिन आलम ने कहा कि इस बार लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए काफी प्रयास किए गए हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे घरों से निकलकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करें। उनका संदेश था कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए उम्र बाधा नहीं बननी चाहिए।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक मतदाता
बिहार विधान परिषद की चार स्नातक सीटों—पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी—के लिए कुल 4,92,594 मतदाता पंजीकृत हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों में 598 मतदान केंद्र बनाए गए थे। वहीं, पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र थे। इनके लिए 335 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
आंकड़ों के अनुसार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 1.43 लाख से अधिक मतदाता हैं, जबकि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 87,583 मतदाता पंजीकृत हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना में 11,719 और तिरहुत में 8,760 मतदाता हैं।
सुरक्षा और निगरानी के बीच मतदान
मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सभी केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर और वीडियोग्राफर तैनात किए गए। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदानकर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया था। किसी भी तरह की गड़बड़ी या शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की व्यवस्था की गई।मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन पदाधिकारी, माइक्रो ऑब्जर्वर और वीडियोग्राफर पुलिस बल की सुरक्षा में एक साथ पूर्णिया स्थित संग्रहण केंद्र पहुंचे। माइक्रो ऑब्जर्वर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी रिपोर्ट निर्वाचन क्षेत्र के ऑब्जर्वर को सौंपेंगे। इसके बाद मतदान सामग्री और मतपत्र जमा कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।मतदान के दिन किसी प्रकार की जानकारी या शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 06453-222309 जारी किया गया था।
कोसी स्नातक सीट पर मुकाबले पर नजर
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के बीच मुकाबले को लेकर भी चर्चा रही। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भाजपा की ओर से डॉ. एन.के. यादव, राजद की ओर से नितेश कुमार और जन सुराज की ओर से रजनीश रंजन का नाम सामने आया। कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले शिक्षक नेता अमित विक्रम भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे।वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा के डॉ. एन.के. यादव ने जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में उन्हें 20,841 वोट मिले थे, जबकि राजद के नितेश कुमार को 13,940 वोट प्राप्त हुए थे। इस बार के चुनाव में मतदाताओं के रुझान और उम्मीदवारों के प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है।
अब सभी की नजरें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जिससे कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सहित बिहार विधान परिषद की आठों सीटों की तस्वीर स्पष्ट होगी।

रिपोर्टिंग
विकाश कुमार सिंह,अररिया,बिहार