दशहरा को लेकर बैरगाछी थाने में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

अररिया (बिहार) ◆ दशहरा पर्व को ले कर बैरगाछी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर SDPO सुशील कुमार ने की। इसमें पुलिस पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, पूजा समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में दशहरा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।सदर SDPO सुशील कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। लोगों से अपील की गई कि किसी भी अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट को बिना सत्यापन के आगे साझा न करें। अधिकारियों ने कहा कि दशहरा आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। इसे मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने से ही पर्व की वास्तविक भावना कायम रहेगी।