अररिया (बिहार) ◆पलासी प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया। अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में अंचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान भूमि विवाद से संबंधित कुल छह मामलों की गहन सुनवाई की गई।जनता दरबार में संबंधित पक्षों को उपस्थित कर उनके बीच चल रहे भूमि विवादों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने दोनों पक्षों द्वारा प्रस्तुत जमीन से संबंधित दस्तावेजों, कागजातों एवं उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच की। साथ ही विवाद के कारणों को समझते हुए दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया गया।सुनवाई के दौरान अधिकारियों की पहल और दोनों पक्षों की आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर दो मामलों का मौके पर ही सफलतापूर्वक निष्पादन कर दिया गया। वहीं, शेष चार मामलों में आवश्यक कागजातों एवं तथ्यों की जांच के लिए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई। संबंधित पक्षों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने तथा प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया।इस अवसर पर अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का समाधान आपसी बातचीत, सहमति और कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए। छोटे-छोटे भूमि विवादों को समय रहते सुलझाने से अनावश्यक तनाव और आपसी विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होती है। इससे गांव और समाज में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहता है।उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनना और नियमानुसार उनका समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन भूमि विवादों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके निष्पादन के लिए लगातार प्रयासरत है।जनता दरबार में अंचल के प्रधान लिपिक शमशाद आलम, मुशर्रफ हुसैन सहित कई अंचलकर्मी एवं बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद थे।