अररिया (बिहार) ◆अररिया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को राज्यभर के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को अक्टूबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान किया। इस क्रम में अररिया जिले के 3 लाख 11 हजार 984 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 34 करोड़ 31 लाख 82 हजार 400 रुपये डीबीटी के माध्यम से अंतरित किए गए। प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये की राशि भेजी गई।
इसको लेकर अररिया स्थित परमान सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएम विनोद दूहन, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक, विभिन्न विभागों के अधिकारी और पेंशन लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यस्तरीय कार्यक्रम से जुड़े।
इस मौके पर डीएम विनोद दूहन ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किए जाने से जरूरतमंद लोगों को अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहूलियत मिल रही है। उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भुगतान होने से व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनी है और लाभार्थियों को बिचौलियों के बिना राशि मिल रही है।जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 1 लाख 69 हजार 441 लाभार्थियों को 18 करोड़ 63 लाख 85 हजार 100 रुपये भेजे गए। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 77 हजार 11 लाभार्थियों के खातों में 8 करोड़ 47 लाख 12 हजार 100 रुपये अंतरित किए गए।इसी तरह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 23 हजार 124 लाभार्थियों को 2 करोड़ 54 लाख 36 हजार 400 रुपये तथा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 12 हजार 843 लाभार्थियों को 1 करोड़ 41 लाख 27 हजार 300 रुपये मिले।
इसके अतिरिक्त बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 28 हजार 261 लाभार्थियों के खातों में 3 करोड़ 10 लाख 87 हजार 100 रुपये और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,304 लाभार्थियों को 14 लाख 34 हजार 400 रुपये भेजे गए।