साइबर ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार; दो फरार

अररिया (बिहार) ◆अररिया। महलगांव थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक कथित साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 9 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और दो डिजिटल फिंगर क्लोन डिवाइस बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन उपकरणों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अनुसार, पुलिस को करहरा वार्ड संख्या 10 निवासी मोहम्मद हसनैन के घर से साइबर ठगी की गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। इस दौरान मोहम्मद रफीक (22), मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद सालिक (28) और संस कमर (25) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार रफीक करहरा वार्ड संख्या 12 का निवासी है। वहीं, अन्य आरोपी भी महलगांव थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। छापेमारी के दौरान दो अन्य संदिग्ध पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गए। फरार आरोपियों की पहचान करहरा वार्ड संख्या 10 निवासी अशरफ उर्फ गुलाब (करीब 22 वर्ष) और कौनेन (करीब 21 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस मामले में महलगांव थाना में कांड संख्या 216/26 दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच भी कराई जा रही है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।